ई-चालान शिकायतों में 59% हुईं खारिज – RTI से खुलासा

मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने ‘वन स्टेट वन चालान’ डिजिटल पोर्टल के माध्यम से 1 जनवरी 2024 से 28 फरवरी 2025 के बीच ₹556.42 करोड़ (₹5,564,219,050) का भारी-भरकम जुर्माना वसूला है। यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली द्वारा दाखिल आरटीआई आवेदन के माध्यम से सामने आई है।
इस अवधि में पोर्टल पर कुल 1,81,613 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 1,07,850 शिकायतें खारिज कर दी गईं। इसका अर्थ है कि लगभग 59% शिकायतें मान्य नहीं पाई गईं।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पोर्टल पर वाहन प्रकार (दो पहिया, चार पहिया, मालवाहक, यात्री वाहन आदि) के अनुसार शिकायतों का वर्गीकरण नहीं किया जाता, जिससे विश्लेषण करना मुश्किल हो जाता है कि किस श्रेणी के वाहनों पर कितनी कार्रवाई हुई।
सभी शिकायतें ट्रैफिक मुख्यालय, वर्ली स्थित मल्टीमीडिया सेल में जांची जाती हैं। वाहन और आस-पास के दृश्य की तस्वीरों की समीक्षा की जाती है। यदि साक्ष्य स्पष्ट हो तो निर्णय उसी आधार पर लिया जाता है। यदि साक्ष्य अस्पष्ट होते हैं तो मामला संबंधित ट्रैफिक डिवीजन या थाने को भेजा जाता है। अंतिम निर्णय वहां से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया जाता है।
आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली का कहना है कि ई-चालान प्रणाली को पारदर्शी होना चाहिए। नागरिकों को अपनी बात कहने का पूरा और निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए और हर शिकायत की निष्पक्ष जांच अनिवार्य है।
What's Your Reaction?






