ठाणे | दिवा: 05 February 2026,
ठाणे जिले के दिवा उपनगर में बीते 24 घंटों के भीतर सामने आई हिंसा और आत्महत्या की घटनाओं ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। लगातार बढ़ती आबादी और अपराध की घटनाओं के बीच स्थानीय नागरिकों ने एक बार फिर दिवा में स्वतंत्र और पूर्ण रूप से सुसज्जित पुलिस स्टेशन की मांग तेज कर दी है।
दिवा के बेडेकर नगर स्थित खारवली आई चॉल में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 39 वर्षीय सुशांत यादव ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय सुशांत यादव घर में अकेले थे। उन्होंने कथित तौर पर दुपट्टे (ओढ़नी) की मदद से छत के पंखे से फांसी लगाई। देर शाम जब उनकी पत्नी घर लौटीं तो उन्हें पति अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
दिवा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले मुंब्रा पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सोनावणे कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल, कलवा भेज दिया गया है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। सुशांत यादव अपने पीछे पत्नी, माता-पिता और एक भाई को छोड़ गए हैं।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के चलते दिवा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बढ़ती जनसंख्या के अनुपात में पुलिस व्यवस्था बेहद नाकाफी है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द दिवा में एक स्वतंत्र और पूर्ण पुलिस स्टेशन शुरू करने की मांग की है, ताकि अपराध और आपराधिक घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।
Previous
Article