मराठा आरक्षण आंदोलन: CSMT और फोर्ट इलाके में जनसैलाब, सड़कें जाम, आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन से पहले मुंबई ठप

मराठा आरक्षण आंदोलन: CSMT और फोर्ट इलाके में जनसैलाब, सड़कें जाम, आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन से पहले मुंबई ठप

मुंबई, 29 अगस्त : मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई की सड़कों पर शुक्रवार को जबरदस्त जनसैलाब उमड़ा। मनोज जरांगे पाटिल के नेतृत्व में निकले मराठा क्रांती मोर्चा के हजारों समर्थकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और फोर्ट क्षेत्र में मार्च किया, जिससे सड़कों पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।

आजाद मैदान में होने वाले प्रमुख विरोध प्रदर्शन से पहले, समर्थकों ने सुबह से ही मुंबई के दक्षिण और मध्य इलाकों की सड़कों को जाम कर दिया। जगह-जगह नारों की गूंज और मार्च करते प्रदर्शनकारियों की भीड़ से CSMT और इसके प्लेटफॉर्म तक खचाखच भर गए। कुछ दृश्य ऐसे भी सामने आए जिनमें समर्थक स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ही रात बिताते नजर आए।

बायकुला से लेकर मोहम्मद अली रोड तक, यातायात पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। JJ फ्लाईओवर पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से भरे वाहनों की एंट्री रोक दी और उन्हें नीचे की सड़कों की ओर मोड़ दिया, जिससे पहले से व्यस्त रास्तों पर और भी दबाव बढ़ गया। कार्नाक ब्रिज पर भी बीती रात ही वाहनों को रोक दिया गया था, और उन्हें वाडी बंदर स्थित BPT परिसर में पार्क करने का निर्देश दिया गया। इसके चलते हजारों प्रदर्शनकारियों को पैदल मार्च कर आजाद मैदान पहुंचना पड़ा।

इस आंदोलन के मद्देनज़र मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। अकेले आजाद मैदान में 1,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा गणेशोत्सव की ड्यूटी पर पहले से ही 18,000 अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, छह डिप्टी कमिश्नर, 200 सहायक आयुक्त और इंस्पेक्टर, 800 कॉन्स्टेबल, और SRPF, दंगा नियंत्रण दल, QRT, CRPF तथा बम निरोधक दस्तों को अलर्ट पर रखा गया है।

संयोगवश, इस आंदोलन के दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मुंबई के दौरे पर हैं। वे विभिन्न गणेश मंडलों का दौरा करेंगे और भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों पर दोहरी जिम्मेदारी आ गई है।

मनोज जरांगे पाटिल ने घोषणा की है कि वे गणेशोत्सव के दौरान ही आमरण अनशन शुरू करेंगे। वह पहले ही हजारों समर्थकों के साथ मुंबई पहुंच चुके हैं और आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow