मीरा-भायंदर - मीरा रोड पुलिस ने 'V Unbeatable' नामक प्रसिद्ध एक्रोबैटिक डांस ग्रुप के पंजीकृत ट्रेडमार्क का दुरुपयोग करने के आरोप में 29 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह डांस ग्रुप भायंदर स्थित है और 2019 में 'America’s Got Talent - The Championship' में 'बेस्ट टैलेंट इन द वर्ल्ड' अवार्ड जीतकर प्रसिद्ध हुआ था।

यह कार्रवाई ग्रुप के संस्थापक और कोरियोग्राफर, ओमप्रकाश चौहान की शिकायत पर की गई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रुप के कुछ पूर्व सदस्य उनके रजिस्टर ट्रेडमार्क का गलत तरीके से उपयोग कर रहे थे। चौहान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 2012 से डांस ट्रूप के अभ्यास सत्रों का आयोजन किया था, और इसमें शामिल सदस्य अधिकांशत: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं।

चौहान ने बताया कि 2015 में ग्रुप के सदस्य विकास गुप्ता की एक दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रुप ने छह महीने का विराम लिया और 2015 से 2018 तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इसके बाद, 2019 में 'America’s Got Talent' में भाग लेने के लिए 'V Unbeatable Dance Group' को ट्रेडमार्क के तहत पंजीकृत किया गया। इस प्रतियोगिता में ग्रुप ने टॉप स्थान प्राप्त कर 'बेस्ट टैलेंट अवार्ड' जीता।

हालांकि, मार्च 2024 में पुरस्कार राशि के वितरण में गड़बड़ी के आरोपों के कारण ग्रुप के 32 में से 25 सदस्य, जिनमें मैनेजर महेश मोरे भी शामिल थे, ग्रुप छोड़कर चले गए। इन सदस्यों ने फंड्स की गबन के आरोप में एक याचिका दायर की, जिस पर उच्च न्यायालय ने मीरारोड पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद, अक्टूबर 2024 में चौहान और एक प्रसिद्ध बॉलीवुड कोरियोग्राफर सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

चौहान ने आरोप लगाया कि महेश मोरे और अन्य 28 लोगों ने उनका पंजीकृत ट्रेडमार्क दुरुपयोग करते हुए विभिन्न अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया और आयोजकों को धोखा दिया। इसके अलावा, चौहान ने यह भी दावा किया कि 6 जुलाई 2024 को इन सदस्यों ने उनके स्टूडियो में घुसकर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौच की।

डीसीपी (जोन I) प्रकाश गैलवाड ने बताया, "चौहान की शिकायत के आधार पर हमनें भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और ट्रेडमार्क एक्ट, 1999 के तहत 29 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।"

हालांकि, आरोपियों ने दावा किया है कि वे जब अपना पैसा मांगने गए थे तो उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।