मुंबई में BMC ने 42,000 आवारा कुत्तों की नसबंदी की, जनसंख्या नियंत्रण और रेबीज टीकाकरण पर दिया जोर

मुंबई में BMC ने 42,000 आवारा कुत्तों की नसबंदी की, जनसंख्या नियंत्रण और रेबीज टीकाकरण पर दिया जोर

मुंबई, 6 अगस्त 2025: मुंबई में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने एक व्यापक नसबंदी अभियान शुरू किया है। पिछले ढाई वर्षों में BMC ने 42,000 से अधिक कुत्तों की नसबंदी की है। यह अभियान न केवल कुत्तों की जनसंख्या नियंत्रण पर केंद्रित है, बल्कि रेबीज के खिलाफ टीकाकरण पर भी ज़ोर देता है।

नगर निगम की उपायुक्त चंदा जाधव के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में 'All About Them' सहित कई पशु कल्याण संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 1994 से जून 2025 तक कुल 4,30,595 कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। इनमें वर्ष 2023 से जून 2025 तक ही 42,175 कुत्ते नसबंद किए गए, जिसमें 2023 में 14,954, 2024 में 16,849 और 2025 के पहले छह महीनों में 10,372 कुत्तों को शामिल किया गया है।

विशेष बात यह है कि 1994 से दिसंबर 2023 तक BMC द्वारा कुल 4,03,374 नसबंदी की गई, जिनमें 2014 से 2023 के बीच 1,48,084 कुत्तों की नसबंदी हुई। 2017 में सबसे अधिक 24,290 कुत्तों की नसबंदी की गई, जबकि 2015 में सबसे कम 6,414 कुत्ते नसबंद किए गए।

BMC के अधिकारियों का मानना है कि शहर में कुत्तों को मिलने वाला भोजन उनकी जनसंख्या में वृद्धि का कारण बन रहा है। हालांकि, नसबंदी और टीकाकरण जैसे मानवीय उपाय इस समस्या का समाधान देने में सफल हो रहे हैं। नगर निगम का यह अभियान पशु कल्याण के प्रति जागरूकता और कानून सम्मत जनसंख्या नियंत्रण के उद्देश्य से प्रेरित है।

नगरपालिका का कहना है कि रेबीज नियंत्रण और मानव-पशु टकराव की रोकथाम के लिए नसबंदी ही एकमात्र वैध और मानवीय तरीका है। BMC की यह निरंतर पहल न केवल नगरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि शहर के पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखने में भी मददगार साबित हो रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow