मुंबई-अहमदाबाद उड़ान और CSMIA को बम से उड़ाने की धमकी, नवी मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR

मुंबई-अहमदाबाद उड़ान और CSMIA को बम से उड़ाने की धमकी, नवी मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR

ठाणे, 17 जुलाई: मुंबई-अहमदाबाद विमान में बम होने और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) को उड़ाने की धमकी के संबंध में नवी मुंबई पुलिस ने एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को दी।

CBD पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के अनुसार, ये धमकी भरे कॉल बुधवार दोपहर करीब 2 बजे से 2:30 बजे के बीच नवी मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त के कार्यालय में प्राप्त हुए थे। कॉल करने वालों ने दावा किया कि मुंबई-अहमदाबाद उड़ान में बम रखा गया है और शाम 6:30 बजे मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को विस्फोट से उड़ाने की योजना है।

सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियों ने विमान और हवाई अड्डे पर गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया, "यह मामला सार्वजनिक शांति भंग करने और लोगों में भय फैलाने के इरादे से किए गए कॉल से जुड़ा है। इस आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है।"

धमकी भरे कॉल जिन मोबाइल नंबरों से किए गए थे, उन्हें पहचान लिया गया है और इन्हीं सुरागों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow