मुंबई, 18 अगस्त: लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश ने सोमवार सुबह मुंबई की रफ्तार थाम दी। शहर के कई हिस्सों में जलभराव के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और ट्रैफिक जाम ने commuters को बेहाल कर दिया। गोरेगांव से बांद्रा के बीच वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर 30 मिनट से अधिक का ट्रैफिक जाम देखा गया।
सायन, गांधी मार्केट, भायखला, चेंबूर, कुर्ला और ठाणे जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते नजर आए। नालासोपारा की सड़कों पर पानी इस कदर भर गया कि वो नदियों जैसे नजर आने लगे। पूर्वी फ्रीवे और पी.डी. मेलो रोड पर भी लंबा जाम देखने को मिला।
रेलवे नेटवर्क, जिसे मुंबई की 'लाइफलाइन' कहा जाता है, बारिश की मार से अछूता नहीं रहा। सेंट्रल और हार्बर लाइन की ट्रेनें औसतन 10 मिनट तक की देरी से चलीं। एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रास्तों पर भी जलभराव की स्थिति बनी रही, जिस कारण इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया जैसी एयरलाइनों ने यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अगले 48 घंटों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। दिन का अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 24°C रहने की संभावना है। वहीं पुणे, सतारा, रत्नागिरी, रायगढ़ और कोल्हापुर के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अतिवृष्टि की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Previous
Article