गणपति पर्व पर यात्रियों के लिए राहत, वेस्टर्न रेलवे चलाएगी दो और विशेष ट्रेनें

गणपति पर्व पर यात्रियों के लिए राहत, वेस्टर्न रेलवे चलाएगी दो और विशेष ट्रेनें

मुंबई | 20 अगस्त, 2025 : गणेश उत्सव के मद्देनज़र यात्रियों की सुविधा और बढ़ती यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए, वेस्टर्न रेलवे द्वारा दो और जोड़ी गणपति विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। यह ट्रेनें विशेष किराए पर उधना-रत्नागिरी और विश्वमित्र-रत्नागिरी स्टेशनों के बीच चलाई जाएंगी।

वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक ने बताया कि यह विशेष ट्रेनें सीमित अवधि के लिए साप्ताहिक रूप से चलाई जाएंगी। उधना से रत्नागिरी के लिए ट्रेन संख्या 09022 हर गुरुवार सुबह 10 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 8 बजे रत्नागिरी पहुँचेगी। वापसी में रत्नागिरी से ट्रेन संख्या 09021 हर गुरुवार रात 9 बजे चलकर अगले दिन सुबह 10:20 बजे उधना पहुँचेगी। यह सेवा 21 अगस्त से 4 सितंबर तक जारी रहेगी। इस मार्ग पर ट्रेन वलसाड, वापी, दहानू रोड, पालघर, वसई रोड, भिवंडी रोड, पनवेल, पेन, रोहा, मंगांव, वीर, खेड, चिपलून और संगमेश्वर रोड स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में स्लीपर क्लास और जनरल सेकंड क्लास डिब्बे होंगे।

दूसरी विशेष सेवा विश्वमित्र और रत्नागिरी के बीच चलेगी। ट्रेन संख्या 09120 हर सोमवार सुबह 8 बजे विश्वमित्र से रवाना होकर रात 8 बजे रत्नागिरी पहुँचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09119 रत्नागिरी से हर सोमवार रात 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:45 बजे विश्वमित्र पहुँचेगी। यह ट्रेन 25 अगस्त से 8 सितंबर तक चलेगी और भरूच, सूरत, वलसाड, वापी, दहानू रोड, पालघर, वसई रोड, भिवंडी रोड, पनवेल, पेन, रोहा, मंगांव, वीर, खेड, चिपलून और संगमेश्वर रोड स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकंड क्लास डिब्बे शामिल होंगे।

इन ट्रेनों की बुकिंग IRCTC की वेबसाइट और सभी पीआरएस केंद्रों पर शुरू हो चुकी है। यात्री विस्तृत जानकारी और ठहराव संबंधी विवरण के लिए www.enquiry.indianrail.gov.in वेबसाइट पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow