मुंबई में बारिश का कहर जारी: दो घंटे के लिए रेड अलर्ट, 24 घंटे तक ऑरेंज अलर्ट प्रभावी

मुंबई में बारिश का कहर जारी: दो घंटे के लिए रेड अलर्ट, 24 घंटे तक ऑरेंज अलर्ट प्रभावी

मुंबई | 20 अगस्त 2025 : मुंबई में मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार सुबह दो घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया, जबकि अगले 24 घंटे तक के लिए ऑरेंज अलर्ट बरकरार रखा है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है, और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 21 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। हालांकि, नगर निकाय और आपदा प्रबंधन टीमें अब भी अलर्ट पर हैं क्योंकि मुंबई और आसपास के इलाकों में फिर से भारी बारिश के दौर शुरू हो सकते हैं।

मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया और निचले इलाकों में जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मुंबई की जीवन रेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित रहीं।

सेंट्रल और हार्बर लाइन की सेवाएं कई घंटों के लिए बंद करनी पड़ीं क्योंकि बारिश का पानी पटरी तक पहुंच गया था। कई स्टेशनों पर यात्री रेलवे ट्रैक पर पैदल चलते देखे गए। वेस्टर्न रेलवे लाइन पर सेवाएं अपेक्षाकृत कम प्रभावित हुईं, लेकिन वहां भी ट्रेनों में देरी और सिग्नल की समस्या सामने आई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं, लेकिन यदि बारिश फिर तेज़ होती है तो दोबारा बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं।

बुधवार सुबह वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई। हालांकि, किसी बड़े जलभराव की सूचना नहीं मिली, लेकिन ऑफिस टाइम के दौरान वाहनों की अधिकता के कारण लंबा जाम लगा रहा। नगर निगम ने बताया कि सभी टीमें standby पर हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मुंबई के अलावा रायगढ़ और पुणे जिले के घाट क्षेत्रों में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ठाणे, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow