गणेश मंडलों को बड़ी राहत! मुंबई में गड्ढों पर ₹15,000 का जुर्माना अब नहीं लगेगा, पहले की ₹2,000 की व्यवस्था बहाल

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बड़ा ऐलान, BMC कमिश्नर को दिए निर्देश; गणेशोत्सव मंडलों के लिए राहत भरा फैसला

गणेश मंडलों को बड़ी राहत! मुंबई में गड्ढों पर ₹15,000 का जुर्माना अब नहीं लगेगा, पहले की ₹2,000 की व्यवस्था बहाल

मुंबई | 31 जुलाई, 2025: गणेशोत्सव की तैयारी में जुटे मुंबई के हजारों गणेश मंडलों को गुरुवार को बड़ी राहत मिली है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ऐलान किया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा प्रस्तावित ₹15,000 प्रति गड्ढा जुर्माना वापस ले लिया गया है। अब पहले की तरह ₹2,000 प्रति गड्ढा की पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी।

यह घोषणा शिंदे ने अपने आधिकारिक 'X' (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर की। उन्होंने लिखा, “BMC द्वारा गणेश मंडलों से मंडप लगाने के लिए सड़क पर गड्ढा करने पर वसूले जाने वाले रोड रीस्टोरेशन शुल्क को बढ़ाकर ₹15,000 कर दिया गया था। मैंने बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी से इस विषय पर बात की है और उन्हें निर्देश दिया है कि शुल्क में कोई वृद्धि नहीं होनी चाहिए। ₹2,000 की पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी।”

शिंदे ने साथ ही यह भी अपील की कि मंडल कांक्रीट की सड़कों पर खुदाई से बचें और मंडप स्थापित करने के लिए नई तकनीकों का उपयोग करें, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न हो और त्योहार भी निर्विघ्न रूप से मनाया जा सके।

BMC ने 21 जुलाई को एक सर्कुलर जारी कर कहा था कि गणेश मंडपों के लिए सड़क खोदने पर अब ₹15,000 प्रति गड्ढा जुर्माना वसूला जाएगा। यह शुल्क पहले के ₹2,000 से कई गुना अधिक था। इसका उद्देश्य शहर की तेजी से बनती कांक्रीट सड़कों की सुरक्षा था, लेकिन इससे आयोजकों में भारी नाराजगी थी।

इस फैसले पर महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने भी तुरंत संज्ञान लिया। बुधवार को उन्होंने मंडलों से वादा किया था कि जुर्माना कम किया जाएगा। उसी दिन उन्होंने BMC के C-वॉर्ड कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन कर नागरिकों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 318 शिकायतें आईं, जिनमें गणेश मंडलों पर जुर्माने का मुद्दा सबसे प्रमुख था।

लोढ़ा ने कहा कि “गणेशोत्सव महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान है। आम जनता को त्योहार मनाने से रोका नहीं जाना चाहिए और प्रशासन को सहयोगात्मक भूमिका निभानी चाहिए।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow