मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'छावा' फिल्म की सराहना की, कहा- "इतिहासकारों ने छत्रपति संभाजी महाराज के साथ अन्याय किया"

मुंबई: विक्की कौशल स्टारर फिल्म 'छावा' ने हाल ही में सभी का ध्यान आकर्षित किया है। फिल्म की शानदार सफलता के बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में फिल्म देखी और उसकी सराहना की। फडणवीस ने मीडिया से बातचीत में कहा, "बहुत सुंदर फिल्म बनाई गई है।" उन्होंने यह भी बताया कि इतिहासकारों ने छत्रपति संभाजी महाराज के साथ अन्याय किया, लेकिन इस फिल्म के जरिए उनके जीवन के सभी पहलुओं को जनता के सामने पेश किया गया है।
फिल्म 'छावा' पिछले महीने रिलीज़ हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। विक्की कौशल की अदाकारी को लेकर भी प्रशंसा की जा रही है। हाल ही में, मुख्यमंत्री फडणवीस अन्य विधायकों और एमएलसी के साथ फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने फिल्म के बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "छत्रपति संभाजी महाराज के ऊपर इतिहास लिखने वालों ने बहुत अन्याय किया, लेकिन इस सिनेमा के माध्यम से उनकी वीरता, शौर्य, चतुराई, बुद्धिमत्ता और ज्ञान के सभी पहलू लोगों के सामने आ रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "जैसे छत्रपति शिवाजी महाराज के बाद, छत्रपति संभाजी महाराज ने स्वराज्य का रक्षण किया, देव, देश और धर्म का रक्षण किया, यह सब कुछ इस फिल्म के माध्यम से जनता के सामने आ रहा है। मैं इस फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम को बहुत बधाई देना चाहता हूं।"
अब यह देखना होगा कि फिल्म 'छावा' को महाराष्ट्र में टैक्स फ्री घोषित किया जाता है या नहीं।
What's Your Reaction?






