पश्चिम रेलवे 27 नवंबर, 2024 से मुंबई उपनगरीय खंड पर और 13 एसी लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू करेगी

यात्रियों के बीच एसी लोकल ट्रेनों की लोकप्रियता और बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा बुधवार, 27 नवंबर, 2024 से मुंबई उपनगरीय खंड पर एसी लोकल सेवाओं की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। 13 नई एसी सेवाओं की शुरुआत के साथ एसी सेवाओं की कुल संख्या अब सप्ताह के दिनों में 96 से बढ़कर 109 और शनिवार एवं रविवार को 52 से बढ़कर 65 हो जाएगी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एसी लोकल ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है।
इसलिए, यात्रियों के लाभ तथा भीड़ को समायोजित करने के लिए मौजूदा नॉन एसी 12 कार सेवाओं को बदलकर पश्चिम रेलवे पर और 13 एसी सेवाएं शुरू की जा रही हैं। ये सेवाएं सप्ताह के सभी दिन एसी सेवाओं के रूप में चलेंगी। सेवाओं की कुल संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा, यानी 109 एसी लोकल ट्रेन सेवाओं सहित लोकल सेवाओं की संख्या 1406 है। 27 नवंबर, 2024 से शुरू की जा रही इन नई एसी लोकल ट्रेनों में से पहली लोकल ट्रेन चर्चगेट से 12:34 बजे चलेगी और उसके बाद सभी नई एसी लोकल ट्रेनों का नियमित परिचालन नीचे दी गई समय सारणी के अनुसार रहेगा। श्री विनीत ने आगे बताया कि शुरू की जा रही अतिरिक्त 13 सेवाओं में से 6 सेवाएँ अप दिशा में और 7 सेवाएँ डाउन दिशा में हैं। अप दिशा में विरार- चर्चगेट और भायंदर- चर्चगेट के बीच 2-2 सेवाएँ और विरार- बांद्रा और भायंदर- अंधेरी के बीच एक-एक सेवा है। इसी तरह, डाउन दिशा में चर्चगेट - विरार के बीच दो सेवाएँ, चर्चगेट - भायंदर, अंधेरी - विरार, बांद्रा - भायंदर, महालक्ष्मी - बोरीवली और बोरीवली - भायंदर के बीच एक-एक सेवा है। *अतिरिक्त 13 एसी ईएमयू सेवाओं का विवरण अनुलग्नक-I में संलग्न है।*
What's Your Reaction?






