बम की धमकी से मचा हड़कंप: जयपुर-मुंबई इंडिगो फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग

मुंबई: जयपुर से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 5324 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट पाया गया। सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क करते हुए मुंबई एयरपोर्ट पर रात 8:43 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
विमान में 225 यात्री सवार थे और इसे सुरक्षित रूप से रात 8:50 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद विमान को सुरक्षा मानकों के अनुसार एक दूरस्थ स्थान पर पार्क किया गया है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित उतारा जा रहा है और हवाई अड्डे की सामान्य गतिविधियां प्रभावित नहीं हुई हैं। CSMIA ने एक बयान में कहा, "हम एयरलाइन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
PTI के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे विमान की जांच की जा रही है और धमकी के स्रोत की पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?






