महाराष्ट्र : छगन भुजबल ने मुंबई राजभवन में महायुति सरकार में मंत्री पद की शपथ ली

महाराष्ट्र : छगन भुजबल ने मुंबई राजभवन में महायुति सरकार में मंत्री पद की शपथ ली

मुंबई: वरिष्ठ एनसीपी नेता छगन भुजबल ने मंगलवार सुबह मुंबई के राजभवन में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी मौजूद रहे।

छगन भुजबल की मंत्रिमंडल में वापसी एनसीपी नेता धनंजय मुंडे के इस्तीफे के बाद हुई है। मुंडे, जो खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री थे, ने मार्च में इस्तीफा दे दिया था। उनके करीबी सहयोगी वल्मिक कराड को सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

शपथ ग्रहण के बाद छगन भुजबल ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “जैसा कि कहा जाता है, अंत भला तो सब भला। मैंने अब तक गृह मंत्रालय से लेकर कई अहम विभागों में काम किया है। अब जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।”

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भुजबल के अनुभव की सराहना करते हुए कहा, “वे एक अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों का सफल संचालन किया है। उनके अनुभव और नेतृत्व से राज्य को लाभ मिलेगा।”

नासिक जिले के येवला से विधायक भुजबल महाराष्ट्र की राजनीति में दशकों से सक्रिय हैं। वे राज्य के सबसे प्रमुख ओबीसी नेताओं में गिने जाते हैं और कई सरकारों में उपमुख्यमंत्री समेत अन्य अहम पदों पर रह चुके हैं।

हालांकि, भुजबल कई बार संवेदनशील मुद्दों पर अपनी असहमति खुलकर जाहिर करते रहे हैं। 2023 के मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान उनके बयानों ने महायुति गठबंधन में दरार की स्थिति पैदा कर दी थी। उस समय उन्होंने आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल की आलोचना की थी, जिससे काफी विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने 16 नवंबर 2023 को कैबिनेट से इस्तीफे की पेशकश भी की थी।

दिसंबर 2024 में महायुति 2.0 सरकार के विस्तार में भुजबल को शामिल न किए जाने पर जनता और ओबीसी समुदाय में नाराजगी देखी गई थी। उनकी गैरमौजूदगी से ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधित्व पर सवाल उठने लगे थे।

अब उनकी मंत्रिमंडल में वापसी को महायुति में संतुलन बहाल करने और ओबीसी समुदाय से सरकार के जुड़ाव को मजबूत करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, यह एनसीपी और राज्य नेतृत्व में आंतरिक समीकरणों के नए संतुलन का संकेत भी हो सकता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow