मोहाली के निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; कई स्कूल खाली कराए गए, पुलिस की सघन तलाशी

मोहाली के निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; कई स्कूल खाली कराए गए, पुलिस की सघन तलाशी

मोहाली, 11 February 2026 : 

पंजाब के मोहाली में बुधवार, 11 फरवरी की सुबह कई नामी निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन छात्रों को तुरंत बाहर निकाला और स्कूल बंद कर पुलिस को सूचना दी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन प्रमुख स्कूलों को धमकी मिली उनमें यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मानव मंगल पब्लिक स्कूल, शेमरॉक स्कूल, रयान इंटरनेशनल स्कूल, पैरागन स्कूल सहित अन्य बड़े निजी स्कूल शामिल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. गिन्नी दुग्गल ने पुष्टि की कि 8 से 10 निजी स्कूलों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। कुछ ईमेल में 11 फरवरी तो कुछ में 13 फरवरी का उल्लेख किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी स्कूल को निशाना नहीं बनाया गया है।

घटना के बाद मोहाली पुलिस ने एंटी-सबोटाज टीमों को तैनात कर स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली। अन्य स्कूलों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि स्थिति को गंभीरता से लेते हुए स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया ताकि जांच पूरी की जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वालों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow