प्रधानमंत्री मोदी आज रात 8 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित, ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाक सीजफायर पर दे सकते हैं अहम जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी आज रात 8 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित, ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाक सीजफायर पर दे सकते हैं अहम जानकारी

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए संघर्ष विराम (सीजफायर) के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऑपरेशन सिंदूर के बाद उत्पन्न हालात और सुरक्षा स्थितियों को लेकर हो सकता है। प्रधानमंत्री का यह भाषण भास्कर ऐप पर लाइव देखा जा सकता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार 10 मई को शाम 5 बजे सीजफायर की घोषणा हुई थी। लेकिन पाकिस्तान ने केवल 3 घंटे के भीतर ही सीजफायर तोड़ते हुए जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के कई इलाकों में ड्रोन हमले किए, जिन्हें भारतीय एयर डिफेंस ने सफलतापूर्वक विफल किया।

7 मई से शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर में भारत को भारी क्षति उठानी पड़ी है। अब तक पाकिस्तानी गोलाबारी में 5 भारतीय सैनिक और 2 BSF जवान शहीद हो चुके हैं, जबकि 60 से अधिक जवान घायल हुए हैं। इसके अलावा 27 नागरिकों की भी मौत हुई है।

इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 10 मई को रात 11:30 बजे अपने देश की जनता को संबोधित किया था और भारत के खिलाफ पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई 'ऑपरेशन बनयान-उन-मर्सूस' को सफल बताया था। पाकिस्तान में इसके बाद 'यौम-ए-तशक्कुर' (शुक्रिया दिवस) मनाया जा रहा है।

भारत में बीते तीन दिनों से सेना के तीनों अंगों (थल, वायु और नौसेना) के DGMO लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट कर रहे हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सामने आकर राष्ट्र को संबोधित करेंगे और संभवत: आगे की रणनीति व सुरक्षा को लेकर दिशा देंगे।

यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब देश की सुरक्षा व्यवस्था, राजनीतिक नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय रणनीति पर कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े हो रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow