मुंबई पुलिस ने चलाया 'जागृत मुंबईकर' जागरूकता अभियान, 113 नागरिकों ने लिया हिस्सा

मुंबई : मुंबई पुलिस ने मंगलवार को आजाद मैदान के पास स्थित प्रेरणा हॉल में 'जागृत मुंबईकर' जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 113 नागरिकों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य मुंबईवासियों को सुरक्षा, कानून, और अपराध की रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ देना था।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को साइबर सुरक्षा, ट्रैफिक नियम, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, मुंबई पुलिस की विभिन्न पहल और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, “15 अप्रैल 2025 को प्रेरणा हॉल, आजाद मैदान के पास 'जागृत मुंबईकर जागरूकता कार्यक्रम' आयोजित किया गया, जिसमें 113 नागरिकों को साइबर सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों, महिला एवं बाल अपराध, पुलिस की पहलों और हेल्पलाइनों की जानकारी दी गई।”
इस मौके पर विशेष रूप से हाल ही में लागू किए गए भारतीय न्याय संहिता (BNS) कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही, नशे के दुष्प्रभाव और साइबर क्राइम की बढ़ती घटनाओं को लेकर भी लोगों को सावधान किया गया।
कार्यक्रम में डॉक्टर, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया टीम) और बीडीडीएस (बम जांच एवं निष्क्रियता दल) के अधिकारी मौजूद थे। इन विशेषज्ञों ने आम जनता के सवालों के जवाब भी दिए।
मुंबई पुलिस की यह पहल शहर में एक जागरूक और सतर्क नागरिक समाज तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि हर मुंबईकर कानून की जानकारी रखे और किसी भी आपराधिक गतिविधि के प्रति सतर्क रहे।
What's Your Reaction?






