चेन्नई, 20 जून: चेन्नई से मदुरै जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते विमान को आपात स्थिति में चेन्नई एयरपोर्ट पर वापस लौटाया गया। फ्लाइट में कुल 68 यात्री सवार थे। सौभाग्यवश सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, तकनीकी खराबी का पता चलते ही पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर चेन्नई एयरपोर्ट पर लौटने की अनुमति मांगी। विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस घटना पर इंडिगो एयरलाइंस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तकनीकी जांच के बाद ही खराबी के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह गुरुवार को भी इंडिगो की दो उड़ानों में तकनीकी दिक्कतों के कारण उड़ान में देरी हुई थी। कोलकाता से सिलचर जा रही फ्लाइट 6E 487 को उड़ान से पहले ही रैम्प पर वापस लाना पड़ा था। इस फ्लाइट में 155 यात्री सवार थे। वहीं, कोलकाता से अगरतला जाने वाली फ्लाइट 6E 6068 को भी रनवे से लौटाया गया क्योंकि उसमें भी तकनीकी खराबी आई थी।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा और विमान परिचालन में तकनीकी निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Previous
Article