भायंदर में क्रेन ने वृद्ध महिला को कुचला, घटनास्थल पर हुई मौत

भायंदर-भायंदर पूर्व स्थित सेवन इलेवन स्कूल के पास सड़क क्रॉस कर रही एक वृद्ध महिला को तेज़ रफ्तार से आ रही क्रेन ने कुचल दिया। क्रेन के पिछले पहिए के नीचे आने से महिला की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक महिला बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) से हेड क्लार्क के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला रोज़ सेवन इलेवन स्कूल के पास एक पान की दुकान पर पान खाने जाती थीं। आज भी जब वह पान खाने जा रही थीं, तभी एक बेकाबू क्रेन ने उन्हें रौंद डाला। यह घटना स्थानीय नागरिकों के लिए बहुत दुखद और शोकपूर्ण रही। दुर्घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है और स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह के खतरनाक हादसों से बचने के लिए ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा की सख्ती से पालन की आवश्यकता है।
What's Your Reaction?






